कोरबा 10 अगस्त 2022 – नगर पालिक निगम कोरबा को ओ.डी.एफ. प्लस-प्लस रैंकिंग में एक्सीलेंट के साथ ओ.डी.एफ. प्लस-प्लस की सौगात प्राप्त हुई है तथा कोरबा लगातार खुले में शौचमुक्त व साफ-सुथरे शहर की श्रेणी में मजबूती से अपना स्थान बनाए हुए हैं। महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद एवं आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय ने कोरबा को ओ.डी.एफ. प्लस-प्लस की सौगात प्राप्त होने पर आमनागरिकों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं तथा शहर को यह सम्मान दिलाने में सबकी सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया है।
यहॉं उल्लेखनीय है कि स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत प्रतिवर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण के साथ-साथ खुले में शौचमुक्त शहर ओ.डी.एफ. व ओ.डी.एफ. प्लस तथा ओ.डी.एफ. प्लस-प्लस के लिए भी केन्द्रीय सर्वे टीमों द्वारा सर्वेक्षण किया जाता है, इस वर्ष भी ओ.डी.एफ. प्लस-प्लस के लिए अन्य शहरों के साथ-साथ कोरबा में भी केन्द्रीय सर्वे टीम पहुंची थी तथा सघन सर्वेक्षण का कार्य उनके द्वारा किया गया था। इसके तहत कोरबा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न आवासीय क्षेत्रों, व्यवसायिक क्षेत्रों, सार्वजनिक एरिया, वाटरबाडी, ट्रांसपोर्ट हब सहित अन्य क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक शौचालयों, यूरिनल्स आदि की उपलब्धता व उनकी स्थिति, शौचालयों की स्वच्छता एवं प्रबंधन आदि के साथ-साथ लोगों द्वारा शत प्रतिशत शौचालयों का उपयोग तथा खुले में शौच न करने आदि तथ्यों पर विस्तार से सघन सर्वेक्षण किया गया, इसके साथ ही शहर की सड़कों, खेल मैदान, उद्यान, पार्क, जलउपचार संयंत्र, सीवरेज ट्रीटमेंट, स्वच्छता प्रबंधन आदि विषयों पर भी सर्वे का कार्य सर्वे टीमों द्वारा पूर्ण किया गया था तथा इनसे संबंधित आवश्यक दस्तावेजों का निरीक्षण व संग्रहण टीमों ने किया था। प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों के साथ-साथ नगर निगम कोरबा में किए गए ओ.डी.एफ. प्लस-प्लस सर्वेक्षण के रिजल्ट घोषित कर दिए गए हैं, नगर निगम केारबा ने इस सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक्सीलेंट टीप के साथ ओ.डी.एफ. प्लस-प्लस की सौगात हासिल की है।
