February 23, 2026
Naman Chhattisgarh
Breaking News
Breaking Newsछत्तीसगढ़

राजीव युवा मितान क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों को दिया गया द्वितीय चरण का प्रशिक्षण

Share

कोरबा 08 सितम्बर 2022  – नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में गठित राजीव युवा मितान क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों को द्वितीय चरण का एक दिवसीय प्रशिक्षण आज गुरूवार को दिया गया तथा प्रशिक्षण के माध्यम से उनके कार्यो, दायित्वों आदि पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। जिला क्रीडा अधिकारी व क्लब के पदेन सचिव श्री रामकृपाल साहू तथा प्रशिक्षक घनश्याम श्रीवास के द्वारा यह प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस मौके पर निगम के उपायुक्त पवन वर्मा, जोन कमिश्नर अखिलेश शुक्ला, पार्षद बसंत चन्द्रा, पूर्व पार्षद गीता महंत, स्वास्थ्य विभाग के सिटी प्रोग्राम मैनेजर अशोक सिंह आदि उपस्थित थे।
यहॉं उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के वार्डो एवं ग्राम पंचायतों में राजीव युवा मितान क्लब गठित किए गए हैं, नगर पालिक निगम कोरबा के सभी 67 वार्डो में प्रत्येक वार्ड हेतु दो-दो मितान क्लब कूल 134 राजीव युवा मितान क्लब का गठन हुआ है, क्लब के सदयों को 03 सितम्बर को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया था, आज प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम परिसर स्थित राजीव गांधी आडिटोरियम टी.पी.नगर कोरबा में राजीव युवा मितान क्लब के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, कोषाध्यक्ष, सचिव तथा अन्य पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देने हेतु गुरूवार को द्वितीय चरण का एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। जिला क्रीडा अधिकारी व क्लब के पदेन सचिव श्री रामकृपाल साहू तथा प्रशिक्षक घनश्याम श्रीवास ने युवा मितान क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों के कर्तव्यों, दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण देते हुए प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रत्येक क्लब अपने वार्डो में सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों तथा शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। प्रशिक्षकों ने युवा मितान क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों के मुख्य कार्य खेल, सामाजिक, सांस्कृतिक गतिविधियॉं तथा उनके कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला, प्रदेश व देश के विकास तथा राष्ट्र के नवनिर्माण में युवाओं की भूमिका रेखांकित करते हुए उन्हें इस दिशा में अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आव्हान किया। इस मौके पर मार्गदर्शिका पुस्तक पदाधिकारियों को उपलब्ध कराई गई तथा मार्गदर्शिका में उल्लेखित कार्यो व दायित्वों का तत्परता के साथ निर्वहन करने को कहा गया। इस मौके पर वार्डो में गठित राजीव युवा मितान क्लब के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों के साथ-साथ निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
वैक्सीनेशन में सहयोग का आव्हान – सोमवार 12 सितम्बर से कोविड वैक्सीनेशन का महाअभियान पुनः संचालित किया जाना हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के सिटी प्रोग्राम मैनेजर श्री अशोक सिंह ने राजीव युवा मितान क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों से आग्रह करते हुए कहा कि वे 12 सितम्बर से प्रारंभ होने जा रहे वैक्सीनेशन महाअभियान में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें ताकि सभी पात्र लोगों के वैक्सीनेशन का शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।


Share

Related posts

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक 21 मार्च को

namanchhattisgarh

10 अगस्त को 08 स्थानों में लगेंगे मोबाईल मेडिकल यूनिट शिविर

namanchhattisgarh

02 अक्टूबर को बंद रहेगा पशुवध कार्य

namanchhattisgarh

Leave a Comment