कोरबा 08 जून 2022 – राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने आज कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के जनहितैषी कार्यक्रम ’’ सरकार तुहर द्वार ’’ योजना से प्रदेश के लाखों नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं, घर बैठे उनकी विभिन्न समस्याओं का निराकरण व आवश्यकताओं की पूर्ति हो रही है, अब उन्हें अपने कार्यो हेतु विभिन्न कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा, अधिकारी कर्मचारी खुद उनके घर पहुंचकर उनकी समस्याएं दूर कर रहे हैं। उन्होने कहा कि निश्चित रूप से यह योजना एक अत्यंत सफल योजना है, आम आदमी को इसका सीधा व त्वरित लाभ मिल रहा है।
उक्त बातें राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल ने आज शासकीय हाई स्कूल दर्री में आयोजित वृहद समाधान शिविर के मुख्य अतिथि की आसंदी से कही। जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा दर्री जोन के वार्ड क्र. 43 से वार्ड क्र. 53 एवं 55 तक के लिए शासकीय हाई स्कूल दर्री में आज ’’ सरकार तुहर द्वार ’’ कार्यक्रम के तहत वृहद समाधान शिविर का आयोजन किया गया। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिविर का उद्घाटन किया, कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद के द्वारा की गई। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती रानू साहू, सभापति श्री श्यामसुंदर सोनी, आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय, एस.डी.एम.कटघोरा कौशलप्रसाद तेंदुलकर, जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बी.बी.बोडे, जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष सुरेन्द्रप्रताप जायसवाल सहित निगम के एम.आई.सी.के सदस्यगण, वार्डो के पार्षदगण एवं एल्डरमेनगण उपस्थित थे। शिविर में काफी संख्या में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि ’’ सरकार तुहर द्वार ’’ योजना के तहत आयोजित होने वाले वृहद समाधान शिविरों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि नागरिकों को अब अपने कार्यो के लिए विभिन्न कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा, सरकार के प्रतिनिधि के रूप में अधिकारी कर्मचारी स्वयं उनके घर पहुंच रहे हैं, उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन ले रहे हैं, उनका समय पर निराकरण कर रहे हैं, निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितैषी सोच इस कार्यक्रम से महसूस की जा सकती है। राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि नगर निगम कोरबा क्षेत्र का यह तीसरा शिविर है, इसके पूर्व में आयोजित 02 शिविरों में कई हजार समस्याओं का निराकरण वास्तविक रूप से किया गया है, वहीं निर्माण संबंधी मांगों पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, आज के शिविर में भी 2881 समस्याओं का निराकरण हुआ है, शेष 374 के निराकरण की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। उन्होने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने किसान, मजदूर, गरीब, निर्धन, बेसहारा, बुजुर्ग, युवा, बच्चों सभी के लिए योजनाएं बनाई हैं, उन्हें क्रियान्वित किया है, जिससे प्रदेश की दशा व दिशा बदली है। उन्होने आगे कहा कि सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की जमीनों पर काबिज लोगों के घरों को हटाया नहीं जाएगा, आने वाले समय में उन सभी को पट्टा अवश्य मिलेगा।
समस्याओं का त्वरित निराकरण, शिविर का उद्देश्य – इस अवसर पर महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की जनहितैषी सरकार के द्वारा ’’ सरकार तुहर द्वार ’’ कार्यक्रम प्रदेश में चलाया जा रहा है, इसके तहत आयोजित किए जा रहे शिविरों का प्रमुख उद्देश्य है कि जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होने कहा कि नगर पालिक निगम कोरबा एवं जिले के सभी विभागों के द्वारा आपसी समन्वय बनाकर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाकर उनका निराकरण त्वरित रूप से किया जा रहा है। उन्होने राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल से आग्रह करते हुए कहा कि सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की जमीनों पर काबिज नागरिकों को जमीन का पट्टा मिले, इस हेतु कार्यवाही करने वे आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान करें। उन्होने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बिजली बिल नियमित रूप से लोगों को दिए जाएं ताकि उन पर ज्यादा टेरिफ के कारण बिजली व्यय का अनावश्यक भार न पडे़।
सभी के सहयोग से शिविरों को मिल रही सफलता – शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिले के जनप्रतिनिधि एवं सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारियों के सहयोग व परिश्रम से ’’ सरकार तुहर द्वार ’’ वृहद समाधान शिविरों को अपेक्षित सफलता मिल रही है, काफी संख्या में लोगों की समस्याएं समयसीमा में निराकृत हो रही हैं। राशन कार्ड,पेंशन, जाति, निवास व जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नल कनेक्शन, अतिक्रमण, वन अधिकार पत्र, अभिलेख दुरूस्तगी, राशन कार्ड में नाम जोडने व काटने, नोनी सुरक्षा, नया आयुषमान कार्ड, ड्रायविंग लाईसेंस, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, बिजली बिल सुधार सहित अन्य विषयों से संबंधित समस्याएं लोगों के घर पहुंचकर दूर की जा रही है। उन्होने कहा कि कोरबा जिला देश का पहला जिला है, जहॉं ड्रायविंग लाईसेंस परिवहन कार्यालय से बाहर शिविर में बनाया जा रहा है, इन शिविरों में लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच एवं इलाज भी किया जा रहा है। वृहद समाधान शिविर को निगम के सभापति श्री श्यामसुंदर सोनी एवं जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्रप्रताप जायसवाल ने भी संबोधित किया। आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए वृहद समाधान शिविरों हेतु प्राप्त आवेदनों एवं इनसे संबंधित समस्याओं व शिकायतों का शतप्रतिशत निराकरण किए जाने के संकल्प को दोहराया तथा शिविर में प्राप्त हो रहे सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
2881 लोग लाभान्वित, समस्याएं हुई दूर – निगम के दर्री के वार्ड क्र. 43 से 53 एवं 55 तक के लिए आयोजित किए गए आज के वृहद समाधान शिविर से पूर्व ही विभिन्न समस्याओं, शिकायतों व मांगों से संबंधित 2881 आवेदनों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण विभिन्न विभागों के माध्यम से कराया गया। नगर पालिक निगम केारबा के 1763, राजस्व विभाग के 196, खाद्य विभाग के 524, महिला एवं बाल विकास विभाग के 91, पुलिस विभाग के 12, स्वास्थ्य विभाग के 11, क्रेडा के 05, पशुधन विभाग से 01, श्रम विभाग के 07, मछलीपालन विभाग के 01, कृषि विभाग के 11, विद्युत वितरण कम्पनी के 138, शिक्षा विभाग के 17, समाज कल्याण विभाग के 19, आदिवासी विकास विभाग के 34, सहकारिता विभाग के 16, वन विभाग के 04 एवं आबकारी विभाग के 31 आवेदनों का निराकरण करते हुए हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया, शेष 374 आवेदनों पर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
हितग्राहियों को किया गया सामग्रियों का वितरण – वृहद समाधान शिविर के दौरान राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल के द्वारा विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को सामग्रियों का वितरण किया गया। इस दौरान नगर पालिक निगम कोरबा के 15 राशन कार्ड, समाज कल्याण विभाग से रालेटर 02, व्हीलचेयर 04, एम.आर.किट 03, ट्रायसिकल 07, बैसाखी 01, श्रवण यंत्र 02, मछलीपालन विभाग से आईस बॉक्स 01 व श्रम विभाग से श्रमिक कार्डो का वितरण हितग्राहियों को किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों ने लगाए थे स्टाल – शिविर में नगर पालिक निगम कोरबा, खाद्य विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, क्रेडा, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास, कौशल विकास, पुलिस, आबकारी, वन, शिक्षा, सहकारिता, पी.एच.ई., कृषि, पशुधन, मछली पालन, उद्यान, जिला योजना सांख्यिकी, जिला अत्यावसायी विभाग के काउंटर विभिन्न कक्षों में लगाए गए थे तथा संबंधित अधिकारी कर्मचारियों की तैनाती की गई थी, जहॉं पर आवेदकों हितग्राहियों केा उनके द्वारा दिए गए आवेदनों पर निराकरण संबंधी जानकारी दी जा रही थी।
कार्यक्रम के दौरान सभापति श्री श्यामसुंदर सोनी, जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय, एस.डी.एम.कौशल प्रसाद तेंदुलकर के साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.बी.बी.बोडे, मेयर इन काउंसिल सदस्य संतोष राठौर, मस्तुल सिंह कंवर, सुनील पटेल, रोपा तिर्की, पूर्व सभापति धुरपाल सिंह कंवर, पार्षद अरूण वर्मा, फिरतराम साहू, अमित मिंज, पुष्पादेवी कंवर, विजय कुमार साहू, कविता नारायण सिंह, बुधवारसाय यादव, प्रेमचन्द्र ज्वाला पाण्डेय, ममता साहू, एल्डरमेन सनददास दीवान, पुरानदास महंत, मनीराम साहू, आशीष अग्रवाल, कांग्रेस पदाधिकारी राजेन्द्र तिवारी, सर्वजीत सिंह, सरस्वती कंवर, तारकेश्वरी शर्मा, राजेन्द्र सिंह ठाकुर, रमेश नवरंग, रेखा त्रिपाठी, मनीष अग्रवाल, बिसाहू राम, डी.डी.अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, नत्थूलाल यादव आदि के साथ काफी संख्या में नागरिकगण तथा नगर पालिक निगम कोरबा व जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
previous post
