21.2 C
New York
August 28, 2026
Naman Chhattisgarh
Breaking News
Breaking Newsछत्तीसगढ़

किसान हितैषी योजनाओं से खुशहाल हैं, छत्तीसगढ़ के अन्नदाता: मुख्यमंत्री

Share

रायपुर, 15 दिसम्बर 2022 | मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज महासमुंद विधानसभा के  शेर गांव भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आमजन को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार लोगों के विश्वास के साथ आई है, हमने शपथ लेते ही पहले फ़ैसले में किसानों का ऋण माफ़ किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा सांसद श्री राहुल गांधी ने हमें 10 दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ करने की बात कही थी, जिसे हमने 10 घंटे के अंदर ही पूर्ण किया। लोगों का विश्वास हमारे साथ है, जिसका परिणाम है कि विधानसभा में हमारी संख्या 71 है। अभी तक छत्तीसगढ़ में 3 चौथाई बहुमत वाली सरकार नहीं बनी है। 17 दिसम्बर को हमारी सरकार के 4 साल पूरे हो रहे हैं। कोरोना काल में 2 साल बीत गया लेकिन हमारा हौसला कमजोर नहीं हुआ। किसानों के हित में राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। हमने किसानों को कृषि उपजों का सर्वाधिक मूल्य दिया। प्रदेश में तिलहन, दलहन और कोदो-कुटकी की भी ख़रीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है। किसानों को सभी न्याय योजनाओं की किश्त समय पर मिल रही है, राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किश्त 31 मार्च से पहले उनके खाते में अंतरित कर दी जाएगी। राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से हमारे अन्नदाता खुशहाल है।

मुख्यमंत्री ने किसानों से पैरादान की अपील करते हुए जिले के लोगों को बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि पैरा जलाने से जमीन की उर्वरता समाप्त हो रही है और ग्लोबल वार्मिंग की समस्या भी बढ़ रही है, जिससे पूरी दुनिया परेशान है। बड़े पैमाने पर कार्बन उत्सर्जन हो रहा है, इसलिए पैरा नहीं जलाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पैरा मवेशियों के काम आएगा, जिससे गौ माता और धरती माता की सेवा होगी। मुख्यमंत्री श्री बघेल से बात करते हुए किसान विजय चंद्राकर ने बताया कि उनकी 30 एकड़ जमीन है। कर्ज माफी के दौरान उनका लगभग ढाई लाख रुपए का कर्जा माफ हुआ है और बचे हुए पैसों से खेत को विकसित किया है। अब उद्यानिकी फसलों की तरफ आगे बढ़ रहे हैं। ग्रामीण श्री चैन सिंह ने बड़े रोचक अंदाज में चर्चा करते हुए बताया कि राज्य शासन की कल्याणकारी योजनों से किसानों के जीवन में सुधार आया। मुख्यमंत्री ने श्री चैन सिंह को हेलीकॉप्टर में सपत्नी घुमाने के लिए आमंत्रित भी किया।

बिरकोनी से आई श्रीमती बिमला साहू ने बताया कि उनके घर में 7 सदस्य हैं, उन्हें 35 किलो चावल और नमक निःशुल्क मिलता है। शक्कर एक किलो 17 रूपए में लेते हैं। लेकिन मिट्टी तेल 105 रूपये प्रति लीटर की दर से मिलता है, जो बहुत महंगा है और गैस सिलेंडर महंगा होने के कारण उसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बताया कि मिट्टी तेल और गैस सिलेंडर की कीमत केंद्र सरकार तय करती है। श्रीमती पुष्पा पाठक ने बताया कि उनका समूह वर्मी कम्पोस्ट बनाता है। समूह के द्वारा अब तक एक लाख 80 हजार रूपए का केंचुआ खाद बेचा जा चुका है और समूह के सदस्यों द्वारा केचुआ का भी विक्रय किया जा रहा है। उससे हुई बचत से उन्होंने गाड़ी भी खरीदी है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताते हुए समूह के लिए शेड देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री से बात करते हुए गोधन न्याय योजना की लाभान्वित हितग्राही मंजू यादव ने बताया कि मेरे यहां 60-70 गाये हैं एक क्विंटल दूध होता है, 6 लाख का गोबर बेचा है। योजना का लगातार लाभ मिल रहा है। इससे हुई आय से बाइक और गहने भी खरीदी हैं।

शेर ग्राम की निवासी सीताबाई ने बताया कि इतवार के दिन हाट-बाजार में मोबाइल क्लीनिक की गाड़ी आती है, इलाज निःशुल्क मिलता है। श्री गोप कुमार टंडेकर ने बताया कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना की 3 किश्ते मिल गई है। उनका एक बच्चा बीएससी और एक बीएड की पढ़ाई कर रहा है। मुख्यमंत्री ने बच्चों की निर्बाध पढ़ाई के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। श्री राकेश चन्द्राकर द्वारा बंदोबस्त त्रुटि सुधार की बात कहे जाने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तीन महीने में कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सुपोषण योजना की जानकारी पूछे जाने पर ग्राम केसवा की श्रीमती उमा यादव ने बताया कि उनके बच्चे का वजन पहले ढाई किलो था लेकिन योजना के तहत गरम और पौष्टिक भोजन मिलने से अब वजन 11 किलो है और स्वस्थ है। किसान विजय चंद्राकर ने बताया कि उनके पास 30 एकड़ जमीन है और उनका ऋण माफी योजना के तहत लगभग ढाई लाख रुपये का कर्ज माफ हुआ। उन्होंने कृषि से हुई आय से अपने खेतों को विकसित किया और अब वे उद्यानिकी फसल की ओर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने 2 एकड़ जमीन भी ख़रीदा साथ ही पत्नी के लिए ऐंठी और पायल भी लिया।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा महासमुंद विधानसभा के ग्राम शेर में आयोजित भेंट-मुलाकात में की गई घोषणाएं:-

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने ग्राम शेर में क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। जिनमें ग्राम शेर में विद्युत उप केन्द्र की स्थापना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, हायर सेकेंडरी स्कूल के लिये भवन का निर्माण, महासमुंद में अनुसूचित जाति पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की स्थापना, महासमुंद में स्वामी आत्मानंद स्कूल जाने हेतु रोड़ निर्माण, महासमुंद में एथलेटिक और फुटबाल ग्राउण्ड का निर्माण और जामली से सिरगिडी तक डामरीकरण (3 कि.मी) सड़क निर्माण शामिल हैं।
क्रमांक: 5634/


Share

Related posts

अपूर्ण कार्यों को समय पर पूर्ण करें और योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुचाएं – सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत

namanchhattisgarh

कलेक्टर ने की 6वें राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम की समीक्षा

namanchhattisgarh

एक साल से फ़रार चोरी के आरोपी को गिरफ्तार करने में हरदीबाजार पुलिस को मिली सफलता

namanchhattisgarh

Leave a Comment