कोरबा | शासन द्वारा संचालित डायल 112 सुविधा का लाभ आम जनता को लगातार मिल रहा है , डायल 112 के कर्मचारी भी पुलिसिंग के साथ-साथ अन्य जन सरोकार से संबंधित समस्याओं में भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभा रहे हैं । डायल 112 के कर्मचारियों में न केवल लड़ाई झगड़ा , दंगा फसाद कर शांति व्यवस्था बिगाड़ रहे लोगों को रोकने में अपनी जिम्मेदारी निभाई है , बल्कि सामाजिक सरोकार के अन्य क्षेत्र जैसे सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के अलावा गर्भवती माताओं को प्रसव हेतु जिला चिकित्सालय पहुंचाने के साथ-साथ आत्महत्या का प्रयास कर रहे लोगों को भी फांसी के फंदे से उतारकर नया जीवन दान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाया है ।
डायल 112 के कर्मचारियों द्वारा भालू और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में भी अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए पीड़ित परिवारों को रेस्क्यू कर सकुशल निकालने में अपनी भूमिका निभाई है । इसके साथ साथ सर्पदंश एवं घरों में सांप घुस जाने के मामले में भी डायल 112 के कर्मचारी सांपों का रेस्क्यू कर रहे हैं , विगत दिनों पुलिस अधीक्षक कोरबा संतोष सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा सांप रेस्क्यू करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया था ।
पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह द्वारा कोरबा जिले में पदस्थापना के पश्चात डायल 112 के कर्मचारियों का मीटिंग लेकर उन्हें रिस्पांस टाइम कम से कम रखने के निर्देश के साथ-साथ मानवीय पहलुओं से जुड़े हुए मामलों पर लीक से हटकर भी कार्य किए जाने हेतु समझाइश दी गई थी , जिसका अच्छा प्रतिसाद देखने को मिल रहा है । डायल 112 के कर्मचारी लगातार मानवीय संवेदना को ध्यान में रखते हुए आम जनता की मदद पहुंचाने हेतु लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं , श्री संतोष सिंह द्वारा उनकी हौसला अफजाई के लिए उन्हें पुरस्कृत किया जा रहा है । माह नवंबर में अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों में डायल 112 के 2 कर्मचारियों को cop of the month पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।
