July 28, 2026
Naman Chhattisgarh
Breaking News
Breaking Newsछत्तीसगढ़

500 सीटर हास्टल भवन को प्रयास विद्यालय के लिए किया जाएगा विकसित

Share

कोरबा 18 अगस्त 2022 – कलेक्टर श्री संजीव झा ने आज नगर निगम कोरबा क्षेत्र के अंतर्गत निर्मित भवनों व अन्य विकास कार्यो का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होने डिंगापुर में नवनिर्मित 500 सीटर हास्टल को प्रयास आवासीय विद्यालय के लिए विकसित करने व आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने नवनिर्मित जिला लाईब्रेरी भवन में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए लाईब्रेरी को जल्द प्रारंभ करने हेतु शीघ्र प्लांनिंग तैयार करने के निर्देश दिए भी अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री संजीव झा ने आज निगम आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय तथा जिले के अन्य अधिकारियों  के साथ नगर निगम कोरबा क्षेत्र में नवनिर्मित शासकीय भवनों व विकास कार्यो का जायजा लिया, डिंगापुर में निगम द्वारा जिला खनिज न्यास मद से 500 सीटर हास्टल का निर्माण कराया गया है, कलेक्टर श्री संजीव झा ने सम्पूर्ण हास्टल परिसर का भ्रमण किया तथा उक्त भवन को प्रयास आवासीय विद्यालय के संचालन हेतु विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी प्रकार उक्त नवनिर्मित हास्टल के बगल में स्थित 250 सीटर बालक छात्रावास एवं 250 सीटर बालिका छात्रावास का निरीक्षण भी कलेक्टर श्री झा के द्वारा किया गया। उन्होने छात्रावास मंे उपस्थित बच्चों से भेंट कर हास्टल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली, वहॉं पर बिजली, पानी, भोजन, नाश्ते आदि से जुड़ी व्यवस्थाओं पर छात्रों से चर्चा की, किचन का निरीक्षण किया तथा भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया। 500 सीटर हास्टल के निरीक्षण के दौरान कुछ दीवालों पर बरसाती पानी के सीपेज पाए जाने पर कलेक्टर श्री झा ने नाराजगी जाहिर करते हुए सीपेज को तत्काल ठीक करने के कडे़ निर्देश दिए। उन्होने कहा कि हास्टल का निर्माण बच्चों के लिए किया गया है तथा बच्चों से संबंधित कार्यो में किसी प्रकार की लापरवाही व कार्य की गुणवत्ता के प्रति उदासीनता बर्दाश्त नही होगी तथा कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
जिला पुस्तकालय भवन का अवलोकन – कलेक्टर श्री संजीव झा ने डिंगापुर में नवनिर्मित 04 मंजिला जिला पुस्तकालय भवन का अवलोकन किया। उन्होने पुस्तकालय भवन में निर्मित किए गए रीडिंग रूम, पुस्तकालय कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं जायजा लेते हुए पुस्तकालय भवन में फर्नीचर, बुक्स, पत्र-पत्रिका, रिसेप्शन काउंटर, पाठकों के लिए बैठक व्यवस्था, लिफ्ट, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं पर अधिकारियों का आवश्यक मार्गदर्शन किया। उन्होने कहा कि जिला पुस्तकालय एक आदर्श पुस्तकालय व      सर्वसुविधायुक्त लाईब्रेरी के रूप में अपनी पहचान बनाएं, इस हेतु सभी आवश्यक कदम उठाएं जाएं।
अशोक वाटिका उन्नयन कार्य का निरीक्षण  – कलेक्टर श्री संजीव झा ने निगम आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय के साथ  निर्माणाधीन अशोक वाटिका का निरीक्षण किया। सम्पूर्ण प्लांनिंग का अवलोकन करते हुए उन्हेाने कार्यो में तेजी लाने, कार्य संपादन के दौरान गुणवत्ता पर विशेष नजर रखने व समयसीमा में कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री झा ने निर्देशित करते हुए कहा कि चूंकि अशोक वाटिका शहर का सबसे प्रमुख पर्यटन व मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित होने जा रहा है, अतः यहॉं की प्रत्येक व्यवस्थाओं को पूरी प्लांनिंग के साथ विकसित किया जाए। अशोक वाटिका निर्माण पश्चात आमनागरिकों के लिए उद्यान में प्रवेश निःशुल्क रखा जाए तथा उद्यान में उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं को ही सशुल्क रखा जाए। उन्होने उद्यान के विभिन्न स्थलों पर सेल्फी जोन स्थापित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
अशोक वाटिका में रहेंगी ये सुविधाएं – यहॉं उल्लेखनीय है कि लगभग 10 करोड़ रूपये की लागत से कोरबा के स्टेडियम रोड स्थित अशोक वाटिका का उन्नयन कार्य निगम द्वारा कराया जा रहा है, इस कार्य में सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए पर्यटन, मनोरंजन, स्वास्थ्य, योगा, प्राणायाम व खेलकूद सहित अन्य सुविधाएं शामिल की गई हैं, इसके तहत ओपन थियेटर, सिटिंग जोन, रेल टेªक, ओपनजिम एरिया, बोटिंग जोन, रिडिंग जोन, वाटरफाल व रॉक गार्डन, हर्बल गार्डन, कैफेटेरिया, चिल्ड्रन प्ले एरिया, कलरफुल फाउण्टेन, बटरफ्लाई जोन, वाटरबाडी, स्टेप्ड गार्डन, म्यूजिकल फाउण्टेन, रिलेक्सीन एरिया, स्पोर्ट्स जोन साईकिलिंग टेªक, फ्लावर जोन, वर्टिकल गार्डन, योगा जोन, फूड जोन, वेंडर जोन व चौपाटी, स्टोन फाउण्टेन, पार्किंग एरिया, लैण्ड स्केपिंग, लॉन एरिया, प्लांटेशन, उद्यानिकी, पाम कलस्टर, महिला-पुरूषों के लिए पृथक-पृथक टायलेट सुविधा, टिकट काउंटर, बाउण्ड्रीवाल व भव्य प्रवेशद्वार सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान निगम के अधीक्षण अभियंता एम.के.वर्मा, अपर आयुक्त खजांची कुम्हार, जोन कमिश्नर आर.के.माहेश्वरी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीमती माया वारियर, पी.डब्ल्यू.डी. के कार्यपालन अभियंता श्री वर्मा, सहायक अभियंता रामनरेश दुबे, निगम के सहायक अभियंता एच.आर.बघेल, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, सुनील वर्मा, सुनील टांडे, विनोद नेताम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Share

Related posts

कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षा संपन्न

namanchhattisgarh

सांसद ने एम्बुलेंसो को रानी धनराज कुंवर पीएचसी से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

namanchhattisgarh

सरकार तुंहर द्वार कार्यक्रम: समाधान शिविर के माध्यम से लोगों के द्वार तक मिल रही राशन, पेंशन की सुविधा: सांसद श्रीमती महंत

namanchhattisgarh

Leave a Comment